छत्तीसगढ़ का सबसे लजीज, खास और स्वादिष्ट पकवानों में सबसे प्रिय चीला है। टमाटर की चटनी के साथ जब यह जीभ पर आता है तो मन को रंगीला बना देता है। सर्दी का मौसम आते ही घर के साथ होटल, रेस्टोरेंट में प्लेट सज जाते हैं। गुनगुनी धूप में इसका आनंद कई गुना बढ़ जाता है। नए चावल के चीला का स्वाद और भी मजेदार रहता है।

चीला चावल आटे के साथ अब 36 प्रकार के बनने लगे हैं। चीला के साथ टमाटर की स्पेशल चटनी भी परोसी जाती है। राज्य के अन्य व्यंजनों की तुलना में चीला सबसे प्रमुख है। घर में आसानी से उपलब्ध चीजों से और फटाफट बन जाता है। यही वजह है कि सुबह-शाम नास्ते में इसे तुरंत परोसा जाता है। चीला बिना टमाटर की चटनी के अधूरा है। लेकिन जब छत्तीसगढ़ की खास चिरपोटी टमाटर मिल जाए तो फिर क्या कहने।

ऐसे बनता है चीला

चीला बनाने के लिए चावल का आटा, नमक और तेल चाहिए। साथ में बेसन भी ले सकते हैं। नहीं तो यह सिर्फ चावल के आटे से ही बनता है। सबसे पहले चावल का आटा पानी में घोलना पड़ता है। उसमें नमक मिलाकर घोल बना लेना चाहिए। इसके बाद तवा गर्म कर तेल डालना चाहिए। फिर इस घोल को हाथ से या चम्मच से फैला देना चाहिए। देसी अंदाज में आज भी चीला हाथ से ही तवे पर डाला जाता है। चीले को धीमी आंच पर दोनों तरफ सेंक लें। फिर तैयार हो जाएगा गरम-गरम चीला।

Share.
Exit mobile version